• जागो हुक्मरान न्यूज़

सांचौर | जिले की लाछीवाड़ गांव की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जो बोर्ड परीक्षा परिणाम व सहशैक्षणिक गतिविधियों में जिले में हमेशा अव्वल रहा हैं। जहां हरा भरा स्कूल परिसर, शांत वातावरण में विद्यालय भवन जो सुनने में तो ये सरकारी स्कूल हैं पर यहां की शिक्षण व्यवस्था और मैनेजमेंट प्राइवेट स्कूल से भी बेहतर हैं। जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ हैं।
प्रधानाचार्य श्रवण कुमार बेनिवाल और शिक्षकों तथा ग्रामीणजन के सहयोग से पिछले वर्षों से बदलाव की बहार बहाई हैं। जिससे शिक्षा का स्तर तो बदला ही बल्कि विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने लिए वृक्षारोपण किया गया हैं। जिसकी हरियाली मन को प्रफुल्लित करती हैं। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए बैहतर वातावरण में शिक्षा दी जा रही हैं।

विद्यालय प्रतिवर्ष बोर्ड कक्षाएं 10वीं और 12वीं में सर्वश्रेष्ठ व शत् प्रतिशत परीक्षा परिणाम दे रहा हैं। जहां कम भौतिक सुविधाएं एवं गांव में सीमित संसाधनों के बावजूद ये सरकारी स्कूल जिले की कई प्राईवेट स्कूलों को मात दे रहा हैं।

12वीं कला वर्ग में एवन कुमारी ने 95.60 प्रतिशत अंक व अनिता बिश्नोई ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त करके लहराया जिले में परचम:

वर्ष 2023-24 में 12वीं कला वर्ग का एवन कुमारी पुत्री पाताराम मेघवाल 95.60 प्रतिशत अंक,अनिता बिश्नोई पुत्री भाखराराम 95.20 प्रतिशत अंक,नर्मदा पुत्री भँवरलाल 92.60 प्रतिशत अंक,पिंटा कुमारी पुत्री लसाराम मेघवाल 92.60 प्रतिशत अंक,भरत कुमार पुत्र हरकनराम 92.00 प्रतिशत अंक व
हितेश पुत्र हनुमानाराम 90.60 अंक प्रतिशत अंक अर्जित करके स्कूल गांव और जिले का नाम रोशन करके जिले में परचम लहराया हैं।

वर्ष 2022 में शोभाग कुमारी ने 12वीं बोर्ड दिव्यांग कला वर्ग में 98.80 प्रतिशत अंक अर्जित करके बालिका वर्ग में राज्य टॉप करके इतिहास रचा था।
वहीं, सन् 2022-23 में लक्ष्मी कुमारी ने 96.60 प्रतिशत अंक अर्जित करके जिले में अव्वल रही। 2023-24 में महात्मा गांधी सर्वोदय विचार परीक्षा में अनिता बिश्नोई ने 83 प्रतिशत अंक अर्जित करके जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वर्ष 2022 में बंसती बिश्नोई का पीएम यशस्वी स्कॉलरशिप योजना में चयन और नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप में पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ था। वर्ष 2019 में नरेंद्र सिंह पुत्र हड़मतसिंह का कक्षा 9 व 10 वर्ग से क्लाइमेट ओलिंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ। साथ ही 2018 में भी राष्ट्रीय स्तर पर अनीता कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। छात्रा माया कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शोभाग कुमारी को जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहने पर इन्दिरा प्रियदर्शिनी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका हैं।

खेलों में राज्य और नेशनल स्तर पर रहा दबदबा:

वर्ष 2021 में पांच विद्यार्थीयों का वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता में राज्य स्तर में चयन हुआ। सत्र 2023-24 में क्रिकेट में 7, वाॅलिबाॅल में 6, बेडमिंटन 3, मलखंभ में 3 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर पर हुआ। वहीं, राजस्थान युवा महोत्सव में विद्यालय की छात्राओं ने लोकनृत्य में राज्य स्तर पर भाग लिया तथा निबन्ध प्रतियोगिता में छात्रा एवन कुमारी ने जिलें में प्रथम स्थान प्राप्त कर टेबलेट प्राप्त किया गया।

यह ग्रामीण सरकारी विद्यालय जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण,सहशैक्षणिक गतिविधियों और बालिका शिक्षा को बढ़ावा दे रहा हैं। जहां बेटों की तुलना में बेटिया बोर्ड कक्षाएं और सहशैक्षणिक गतिविधियों में बाजी मार रही हैं। बालिका शिक्षा में पिछड़ा जिला सांचौर व जालोर के लिए ये विद्यालय सकारात्मक संदेश हैं।

रिपोर्ट: अरविंद डाभी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *